TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

पाकिस्तान ने अब माहौल बिगाड़ा तो होगी बड़ी कार्रवाई -सेना प्रमुख

लखनऊ: भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने शनिवार को कहा कि यदि अब पाकिस्तान ने माहौल बिगाड़ा तो उस पर बड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि सेना अब फ्री हैंड है और एयर स्ट्राइक के बाद के हालात से निपटने में सेना सक्षम है. जनरल रावत लखनऊ में आसियान और आसियान प्लस देशों के फील्ड मेडिकल एक्सरसाइज मेडेक्स-2019 के समापन समारोह में भाग लेने आए थे. उन्होंने कहा, “अब भी पाकिस्तान में चल रहे आतंकी शिविरों पर कार्रवाई के लिए सेना का प्लान तैयार है. भविष्य में भी ऐसे एक्शन होंगे.”

सेना प्रमुख ने कहा, “एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की ओर से आए दिन हो रही गोलीबारी का सेना जवाब देने में सक्षम है. किसी भी बड़े ऑपरेशन से पहले सेना विचार करती है.” उन्होंने इस मौके पर न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में हुए हमले की निंदा की और मृतकों के परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते की और घायलों को बेहतर उपचार की कामना की.

उन्होंने कहा, “आसियान और आसियान प्लस के 18 देशों ने मेडेक्स 2019 में अहम योगदान दिया. इसमें हमने प्राकृतिक आपदा के समय की जाने वाली राहत कार्रवाई पर अपनी तकनीक को एक-दूसरे से साझा करते हुए शानदार तरीके से अभ्यास किया.” रावत ने कहा, “भारत और म्यांमार की सेनाएं मिलकर आतंक का सफाया करेंगी. यह नियमित चलने वाली प्रक्रिया है. म्यांमार और भारत ने हाल में ही आतंकी ठिकानों का सफाया करने के लिए कार्रवाई की है.”