TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील बूथों का किया निरीक्षण

मनियर क्षेत्र के बिहार से सटे इलाकों का अधिकारियों ने किया दौरा

लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील बूथों का किया निरीक्षण

एलासगढ़ बूथ पर मिली कमियां, शीघ्र दूर कराने के निर्देश

बलिया: लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों का दौरा धीरे-धीरे तेज हो रहा है। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने मनियर क्षेत्र के बिहार से हटे इलाकों का दौरा किया। खासकर संवेदनशील बूथों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथ पर मूलभूत सुविधाओं के दृष्टिगत जांच-पड़ताल की। एलासगढ़ बूथ पर बिजली व रैंप की समस्या को शीघ्र दूर कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान मिले ग्रामीणों से चुनाव संबंधी जानकारी लेते हुए अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

इस बार डीएम-एसपी बिहार प्रान्त से सटी जिले की उत्तरी सीमा की तरफ गए। मनियर क्षेत्र की पंचायत भवन एलासगढ़ पर बनने वाले बूथ पर निरीक्षण के दौरान छाया की व्यवस्था नहीं होने पर एसडीएम को निर्देश दिया कि मतदान के दिन या तो टेंट लगवा दो या टिन शेड की व्यवस्था करा देंगे। इसके अलावा वहां दिव्यांग के लिए रैंप और बिजली पंखे की भी व्यवस्था ठीक नहीं थी। इस कार्य को तत्काल करा देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि वहां रास्ता काफी पतला है और भारी वाहन वहां नहीं जा सकते हैं। इसलिए यातायात प्रभारी को पहले ही निर्देश दे दिया गया कि मतदान के दिन इस बूथ के लिए हल्के वाहन एलाट करेंगे। प्राथमिक विद्यालय ककरघट्टा पर करीब हर मूलभूत सुविधाएं मिली। वहां की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को हमेशा सतर्क दृष्टि रखने का निर्देश दिया गया।

*अवैध शराब पर रहे तगड़ी निगहबानी*

पुलिस अधीक्षक ने सीओ बांसडीह को निर्देश दिया कि बिहार प्रांत से सटा इलाका होने के नाते इधर अवैध शराब के धंधे पर कड़ी निगरानी रखी जाए। एहतियात के तौर पर शराब बनाने वाले संभावित लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाए। किसी भी हालत में अवैध शराब के बनने या अवैध तरीके से आवागमन की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बांसडीह अन्नपूर्णा गर्ग, सीओ अशोक सिंह, थानाध्यक्ष मनियर आदि साथ थे।