TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

पुलवामा में सुरक्षाबलों ने ढेर किए 4 आतंकी, फरार SPO का भी सफाया

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों के द्वारा आतंकियों को नेस्तनाबूद करने का सिलसिला जारी है. गुरुवार देर रात पुलवामा में शुरू हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को मार गिराया है. इन 4 आतंकियों में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक SPO भी शामिल है, जो गुरुवार शाम एक सर्विस राइफल लेकर फरार हो गया था. ये ऑपरेशन अभी भी जारी है और गोलीबारी चल रही है।

दरअसल, सुरक्षाबलों को इस इलाके में छिपे आतंकियों के बारे में इनपुट मिला था जिसके बाद ऑपरेशन शुरू हुआ. दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में लस्सीपोरा इलाके में ये आतंकी छिपे हुए थे, जिन्हें अब मौत के घाट उतार दिया गया है।

गुरुवार शाम को ही जम्मू-कश्मीर पुलिस का SPO अपनी एक सर्विस राइफल के साथ फरार हो गया था. बाद में पता चला कि वह आतंकियों के साथ मिल गया है. ऐसे में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन तेज हुआ और फिर सेना ने अपना काम शुरू कर दिया।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में जल्द ही अमरनाथ यात्रा शुरू होनी है, ऐसे में सुरक्षाबलों पर पूरा जिम्मा सुरक्षा व्यवस्था का है. अमरनाथ यात्रा अक्सर आतंकियों के निशाने पर रहती है, ऐसे में सतर्कता बरती जा रही है।

आपको बता दें कि सुरक्षाबलों की ओर से घाटी में आतंकियों के खात्मे के लिए ऑपरेशन ऑलआउट चलाया जा रहा है. पिछले साल भी सुरक्षाबलों ने 250 से अधिक आतंकियों को मार गिराया था और इस बार भी अभी तक ये आंकड़ा 100 के पार जा चुका है।

सुरक्षाबलों की तरफ से टॉप 10 आतंकियों की हिटलिस्ट तैयार की गई है, जिन्हें ढूंढकर मौत के घाट उतारना है. इस लिस्ट में रियाज़ नाइकू, ओसामा और अशरफ मौलवी जैसे आतंकी शामिल हैं।