TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

ओम बिड़ला को चुना गया लोकसभा स्पीकर, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के कोटा से सांसद ओम बिरला को आज सर्वसम्मति से लोकसभा का अध्यक्ष चुना गया। लोकसभा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा। बाद में पूरे सदन ने बिरला को ध्वनिमत से अपना समर्थन दिया और फिर कार्यवाहक अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बिरला को स्पीकर घोषित किया।

ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी, कांग्रेस, बीजेडी और डीएमके समेत सभी दलों ने बिरला के नाम पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपको (ओम बिरला) इस पद पर आसीन देखना गर्व की बात है।

उन्होंने कहा, ”हम सबके लिए गर्व का विषय है कि स्पीकर पद पर आज हम ऐसे व्यक्ति का अनुमोदन कर रहे हैं, जिन्होंने छात्र राजनीति से ही जीवन का सर्वाधिक उत्तम समय, बिना किसी ब्रेक के समाज की किसी न किसी गतिविधि में व्यतीत किया है।”

पीएम मोदी ने कहा, ”शिक्षा का काशी कहे जाने वाला राजस्थान के कोटा का परिवर्तन, जिसके योगदान से हुआ है वो नाम है श्री ओम बिरला जी। समाज जीवन में कहीं भी पीड़ा उनको नजर आई तो ओम बिरला पहले पहुंचने वाले व्यक्तियों में से रहे हैं।”