TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर दरोगा निलम्बित

बिहार के बक्सर के दारोग़ा रोशन कुमार

बक्सर / एक दिन पहले नए ट्रैफिक कानून के तहत 11 हजार रुपये का जुर्माना भरने वाले नागरिक ने जब पुलिस कर्मी को कानून की याद दिलाई तो उन्हें जेल जाना पड़ा। शिक्षक कॉलोनी के कमल कुमार सिंह एक दिन पहले वाहन चेकिंग में पकड़े गए थे और हेलमेट नहीं पहनने तथा ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रहने पर उनसे 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया था।

शनिवार को वे आईटीआई फील्ड के समीप खड़े थे और एक दिन पहले उन्हें जांच में पकड़ने वाले नगर थाना के दरोगा रौशन कुमार वहां से बिना हेलमेट के गुजर रहे थे। कमल ने उनसे हेलमेट न पहनने का कारण पूछा और इससे दरोगा जी भड़क गए। इसके बाद खींचते हुए उसे थाने ले गए।

शनिवार को ही क्राइम मीटिग के दौरान पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस पब्लिक सहयोग की भावना रखने के साथ ही यातायात नियमों का सख्ती से खुद भी पालन करने का पाठ पढ़ाया था। बताया जाता है कि पुलिस आइटीआइ के पास वाहन जांच करने में लगी थी।

इस बीच शिक्षक कॉलोनी निवासी कमल कुमार ने उन्हें पकड़ने वाले दारोगा रौशन कुमार को बगैर हेलमेट बाइक चलाते देख अचानक रोक लिया और पूछ बैठे कि कल तो आपने मुझे बगैर हेलमेट चलने पर ग्यारह हजार रुपया जुर्माना कर दिया, जबकि आज आप तो खुद ही नियमों का उल्लंघन करते हुए बगैर हेलमेट चल रहे हैं। युवक के मुंह से यह सुनते ही अचानक दारोगा जी भड़क गए।