TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

ददरी मेला 3 दिसम्बर तक ही रहेगा

नगर में जलजमाव व सफाई की बदहाल स्थिति पर प्रशासन ने लिया ऐसा निर्णय

सभासदों ने मेला अवधि को 5 दिन बढ़ाने की मांग की थी, प्रशासन ने किया खारिज

बलिया: जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ददरी मेला पहले से निर्धारित 3 दिसंबर को ही समाप्त हो जाएगा। मेला में सुरक्षा के लिए लगाई गई पुलिस बल भी तीन दिसंबर तक ही रहेगी। नगर में जलजमाव व साफ-सफाई की बुरी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने ऐसा निर्णय लिया है। दरअसल, नगरपालिका के सभासद सुमित मिश्रा गोलू, पम्मी सिंह व तीन अन्य सभासदों ने मेले को पांच दिन और जारी रखने की मांग की थी। इसके बाद अपर जिलाधिकारी राम आसरे ने नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर तीन दिसंबर तक ही मेला लगाए जाने का निर्देश जारी किया है।
सभासदों ने अपनी मांग रखते हुए अवगत कराया था कि ददरी मेले का मीना बाजार 12 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक लगना था। लेकिन कुछ तकनीकी कारणों और जमीन आवंटन में काश्तकारों से विवाद के चलते मेला पांच दिन बाद लगा। निर्धारित समय पर दुकानें, झूला, चरखी आदि नहीं लग पाई। दुकानदारों की बदहाल स्थिति को देखते हुए पांच दिन की मेला अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही के आदेश के क्रम में अपर जिलाधिकारी रामाश्रय ने स्पष्ट किया है कि नगर में जलजमाव और सफाई की बुरी स्थिति को देखते हुए मेला 3 दिसंबर तक ही रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि नगरपालिका को अपने मूल दायित्व के निर्वहन की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।