TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

डीएम-एसपी उतरे फील्ड में, फेफना तिराहे पर कइयों का काटा चालान

मास्क नहीं पहनने वालों पर अब होगी और सख्ती

  • डीएम-एसपी उतरे फील्ड में, फेफना तिराहे पर कइयों का काटा चालान
  • लाउडस्पीकर से एनाउंस कर किया जागरूक, सहयोग की अपील की

बलिया: जनपद में कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही व एसपी देवेन्द्र नाथ सिंह गुरुवार को फील्ड में उतर गए। फेफना चौराहे पर पहुंचे और वहां सोशल डिस्टेंस व मास्क नहीं पहनने वालों पर कार्रवाई कराई। तिराहे पर बिना मास्क के आने वालों का चालान भी काटा गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने एनाउंसमेंट के जरिए सभी दुकानदारों को चेताया कि मास्क लगाने व सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए विक्री करें। बिना मास्क के कोई आता है तो उसको सामान न दें। कहा कि अगर ये प्रक्रिया नहीं अपनाते हैं तो आप के दुकान का चालान काट दिया जायेगा। फेफना के एसओ शशिमौली पांडेय को निर्देश दिया कि मोटरसाइकिल पर तीन सवारी या बिना मास्क के अगर कोई आता जाता है तो बेहिचक उसका चालान काटें। लोगों की सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार की सख्ती बरतनी पड़े तो उसमें संकोच ना करें।

इसके बाद डीएम एसपी शहर के चित्तू पांडेय चौराहे पर पहुंचे। वहां सिटी मजिस्ट्रेट और यातायात पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी वाहन चालकों, दुकानदारों व अन्य व्यक्तियों को मास्क का प्रयोग सुनिश्चित कराएं। कोई नहीं पहनता है तो युद्ध स्तर पर उसका चालान काटें। नगर मजिस्ट्रेट नागेंद्र पांडेय को निर्देश दिया कि लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे शहर में अनाउंसमेंट करते हुए लोगों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने के प्रति जागरूक करते रहें। ऐसा नहीं करने पर होने वाली कार्रवाई के बारे में भी जानकारी देते रहें।