द पॉलिटिक्स अगेन
बारिश ने उम्मीदों पर पानी फेरा, डीएल मैथड से जीता पाक –
इंद्र देवता भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर मेहरबान नहीं रहे और जोरदार बारिश ने भारतीय टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पाकिस्तानी ने फिरोजशाह कोटला मैदान में भारत के खिलाफ ट्वंटी-20 विश्वकप के वर्षा से बाधित ग्रुप बी के मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के तहत दो रन से जीत हासिल कर ली। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 96 रन बनाए थे जिसके बाद पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 16 ओवर में छह विकेट पर 77 रन बना लिए थे। तब ही तेज बारिश के कारण खेल रोक दिया गया।
मैच के तय समय तक मैदान पूरी तरह से तैयार नहीं था और अंपायरों ने मैच समाप्त घोषित कर दिया। 16 ओवर तक स्कोर 75 रन था जबकि पाकिस्तानी टीम 77 रन बना चुकी थी। मैच जैसे ही समाप्त घोषित किया गया, पाकिस्तानी टीम जीत की खुशी में उछल पड़ी और उसकी खिलाडि़यों ने कोटला मैदान का चक्कर भी लगाया।
टॉस गंवाने के बाद भारतीय महिलाओं की शुरूआत बेहद खराब रही और छह ओवर के पावर प्ले में भारत ने दो विकेट गंवाकर मात्र सात रन बनाए। 10 ओवर तक भारत का स्कोर सिर्फ 27 रन पहुंचा था लेकिन इसके बाद वेदा ने 19 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन, झूलन गोस्वामी ने 14 गेंदों में 14 रन और शिखा पांडे ने सात गेंदों में एक छक्के की मदद से नाबाद 10 रन बनाए। भारत की पारी में 10 अतिरिक्त रन का भी योगदान रहा। कप्तान एवं ओपनर मिताली राज ने 35 गेंदे खेलकर 16 रन और हरमनप्रीत कौर ने 29 गेेंदे खेलकर 16 रन बनाए।
शिखा ने भारतीय पारी का एकमात्र छक्का अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर घुटने के बल बैठकर फाइन लेग के ऊपर से मारा। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने इस मैच में काफी अच्छी गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को थामे रखा। भारतीय महिला टीम का विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ यह सबसे कम स्कोर है।
इससे पहले तक भारत का विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ न्यूनतम स्कोर सात विकेट पर 106 रन था। पाकिस्तान की अस्माविया इकबाल ने कंजूसी से गेंदबाजी करते हुए अपने पहले तीन ओवर में सिर्फ तीन रन दिए7 उनके आखिरी ओवर में शिखा ने छक्का मारा। अस्माविया इकबाल ने चार ओवर में 13 रन देकर एक विकेट लिया। अनाम अमीन ने नौ रन पर एक विकेट, कप्तान सना मीर ने 14 रन पर एक विकेट, सादिया यूसुफ ने 24 रन पर एक विकेट और निदा डार ने 23 रन पर एक विकेट लिया।