TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

देश के 5 राज्यो में कहर बनकर टूटी बारिश,अब तक 465 लोगों की मौत

लखनऊ: देश भर में हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस बार मॉनसून आने के बाद से जारी बारिश से 5 राज्यों में आई बाढ़ और वर्षा जनित घटनाओं में अब तक कम से कम 465 लोगों की मौत हो चुकी है। गृह मंत्रालय के नेशनल इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर (NERC) के अनुसार बाढ़ एवं बारिश के चलते महाराष्ट्र में 138, केरल में 125, पश्चिम बंगाल में 116, गुजरात में 52 और असम में 34 लोगों की मौत हुई है।*

*अतिवृष्टि और बारिश से महाराष्ट्र के 26, पश्चिम बंगाल में 22, असम में 21, केरल में 14 और गुजरात में 10 जिले प्रभावित हैं। NERC के अनुसार असम में 10.17 लाख लोग बारिश एवं बाढ़ से त्रस्त हैं, जिनमें से 2.17 लाख लोग राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं।*

*राहत एवं बचाव कार्य में जुटी NDRF…!!*

NERC के अनुसार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 12 टीमें असम में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। NDRF की एक टीम में 45 कर्मी होते हैं। पश्चिम बंगाल में बारिश एवं बाढ़ से कुल 1.61 लाख लोग प्रभावित हैं। राज्य में NDRF की 8 टीमें तैनात की गई हैं। गुजरात में बाढ़ एवं बारिश से प्रभावित 15,912 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य में NDRF की 11 टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। केरल में 1.43 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। भारी बारिश के कारण राज्य में 125 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9 लोग लापता हैं। दक्षिणी राज्य में राहत एवं बचाव कार्य के लिए NDRF की 4 टीमें तैनात की गई हैं, जबकि 3 टीमों को महाराष्ट्र में तैयार रखा गया है।

*यूपी में भी बुरा हाल, अब तक 49 की मौत…!!*

वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार से लगातार हो रही बारिश से उत्तर प्रदेश में 49 लोगों की मौत हो गई है। सर्वाधिक 11 मौतें सहारनपुर में हुई हैं। राहत आयुक्त कार्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक पिछले दो दिनों में अब तक 49 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सबसे ज्यादा 11 लोगों की मौत सहारनपुर में हुई है। बारिश से संबंधित घटनाओं में 42 लोग घायल हुए हैं जिनमें आगरा, मेरठ और सहारनपुर में 5-5 लोग घायल हुए हैं।

*यूपी के CM ने अधिकारियों से कहा- अलर्ट रहें…!!*

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से मिली जानकारी के अनुसार आगरा और मेरठ में छह-छह, मैनपुरी में चार, कासगंज में तीन, बरेली, बागपत और बुलंदशहर में दो-दो लोगों की मौत हुई है। वहीं, कानपुर देहात, मथुरा, गाजियाबाद, हापुड़, रायबरेली, जालौन,जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा, फिरोजाबाद, अमेठी, कानपुर नगर तथा मुजफ्फरनगरमें एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश के सभी जिलों के आला अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों का दौरा करने और राहत तथा बचाव कार्यों में तेजी बरतने के निर्देश दिए हैं।