द पॉलिटिक्स अगेन
औद्योगिक निवेश कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

डीएम, सीडीओ, एएसपी समेत उद्यमियों ने प्रदेश के औद्योगिक विकास की देखी रूपरेखा।
बलिया: लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित औद्योगिक निवेश कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार में दिखाया गया। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत, सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, एएसपी विक्रांतवीर समेत जिले के प्रमुख उद्यमियों ने कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के औद्योगिक विकास की जानकारी ली। सभी ने पीएम मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के प्रमुख बड़े उद्योगपतियों के यूपी तरफ बढ़ रहे रूझान को देखा और सुना। एनआईसी द्वारा इस कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की गयी थी। उद्योग बंधु की बैठक में आए जिले के उद्यमियों ने कार्यक्रम को बड़ी रूचि से देखा। कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं की नींव रखी। माना जा रहा है कि इससे दो लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।
*उद्यमी को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित*
– जिले के ही निवासी एक उद्यमी सुनीत पाठक को विकास भवन सभागार में कार्यक्रम के दौरान ही जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। कहा कि इनसे प्रेरणा लेकर अन्य लोग भी जिले में उद्योग धंधे लगाने के प्रति प्रेरित होंगे। जब उद्योग धंधे लगेंगे तो स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उद्यमी सुनीत पाठक ने बताया कि देवरिया जिले के भाटपार रानी में 5.67 करोड़ की लागत से एक मेगावाॅट का सोलर पाॅवर प्लांट स्ािापित हो रहा है। इससे बिजली बनेगी। बताया कि बलिया में भी बाॅयोगैस पाॅवर प्लांट लगाने की योजना है। जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन व विकास विभाग से लेकर अन्य विभागों का पूरा सहयोग मिलेगा।
*पांच माह में 60 हजार करोड़ का निवेश कराना उपलब्धि*
– कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी पांच महीने पहले लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर समिट में उद्योगपतियों द्वारा लिए गए संकल्प को इतनी जल्दी धरातल पर उतारने के क्रम में यह बड़ा दिन है। पांच महीने बाद ही 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं की शुरूआत कराना सराहनीय है। इसके लिए उन्होंनें प्रदेश सरकार और यहां के अधिकारियों की प्रशंसा की। साथ ही पारदर्शी पाॅलिसी को प्रदेश के लिए सिद्धि बताया। पीएम मोदी ने कहा कि लम्बे अरसे तक गुजरात में बतौर सीएम ये सब काम करते आया हूं। मुझे पता है इसमें कितनी बाधाएं आती हैं। सीएम योगी की तारीफ करते हुए खुशी जताई कि यूपी के हर भूभाग को कवर करते हुए सर्वांगीड़ विकास पर ध्यान दिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि औद्योगिक निवेश का यह आयोजन यूपी पर बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। साथ ही विकास का भी प्रतीक है। साफ नियत से काम होने का नतीजा है कि आज औद्योगिक घरानों का रूझाव इधर भी बढ़ रहा है।