TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

नया मोटर व्हीकल एक्ट पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होगा-ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि केंद्र सरकार का नया मोटर व्हीकल एक्ट पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होगा. सीएम ममता ने कहा कि ये कानून लोगों पर बोझ है.

ममता बनर्जी ने नए मोटर व्हीकल एक्ट का जिक्र करते हुए कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट को हम अभी लागू नहीं कर सकते. सही तरीके से ड्राइव करें और अपनी जिंदगी बचाएं. हम ऐसा हर किसी को कह रहे हैं. इसी से दुर्घटनाएं कम हुई हैं.

ममता बनर्जी ने कहा कि नया मोटर व्हीकल एक्ट लोगों पर बड़ा बोझ है. हमने सदन में भी इस एक्ट का विरोध किया था. यह केंद्र का राज्य के संघात्मक ढांचे में हस्तक्षेप हैं.

ममता बनर्जी ने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट में लिया गया निर्णय मानवाधिकारों देखते हुए लेना चाहिए. राज्य में गरीब लोग भी हैं. उनके पास भारी भरकम जुर्माना देने के लिए पैसे कहां से आएंगे.

नए एक्ट पर ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अपने अधिकारियों से इस विषय में बातचीत भी की. अधिकारियों ने कहा कि अगर हम इस एक्ट को लागू करते हैं तो जनता पर ज्यादा बोझ बढ़ेगा.