TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

मुन्ना हत्या जाँच मे जेलर सहित चार दोषी


बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के मामले में जेल अफसरों की भूमिका की जांच पूरी हो गई है। इस जांच में वहां के जेलर समेत चार लोगों को दोषी पाया गया है। साथ ही एक नम्बरदार को भी इसमें साठगांठ का आरोपी माना गया है। आगरा के डीआईजी जेल ने इस सम्बन्ध में अपनी जांच रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी है। माना जा रहा है कि इन आरोपियों में दो जेल अफसरों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई तक की जा सकती है। नौ जुलाई को बजरंगी को जेल के अंदर सुनील राठी ने गोलियों से छलनी कर दिया था। इस घटना से पूरे प्रदेश में हड़कम्प मच गया था। पुलिस अफसरों के साथ ही जेलों में बंद अन्य बड़े माफिया तक के होश उड़ गये थे। हर कोई हैरान था कि आखिर जेल में पिस्टल और मैंगजीन कैसे पहुंची। शासन ने गम्भीरता से लेते हुये जेलर, डिप्टी जेलर, वार्डेन और हेड वार्डेन को निलम्बित कर दिया था। साथ ही इस प्रकरण की जांच मेरठ के डीआईजी जेल को दी थी। इस समय बागपत के जेल अधीक्षक छुट्टी पर चल रहे थे लिहाजा यह जांच आगरा के डीआईजी जेल संजीव त्रिपाठी कर रहे थे। संजीव त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने जांच रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी है। वहीं जेल मुख्यालय का कहना है कि रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।