TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

हरिशंकर उपाध्याय लेखपाल बर्खास्त

पिछले वर्ष से चल रहे निलंबित, सभी आरोप सिद्ध होने के बाद कार्रवाई

बलिया: सदर तहसील के फिरोजपुर के लेखपाल हरिशंकर उपाध्याय को उपजिलाधिकारी गंभीर सिंह ने बर्खास्त कर दिया है। ये पिछले 02 जून, 2017 से निलम्बित चल रहे थे। वर्ष 2017 में दैवीय आपदा की धनराशि गबन व अन्य शासकीय कार्याें में गंभीर अनियमितता के आरोप लगे थे। जांच अधिकारी की जांच में लेखपाल पर लगे सभी आरोप सिद्ध होने के बाद यह कार्रवाई हुई।

मामला पिछले वर्ष का है। दैवीय आपदा की धनराशि के गबन का मामला तत्कालीन जिलाधिकारी ने पकड़ा था। तब उक्त लेखपाल समेत अन्य कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। लेखपाल हरिशंकर उपाध्याय इस मामले में जेल भी गये थे। पिछले साल जून में तत्कालीन एसडीएम ने इनको सस्पेंड भी कर दिया था। मामले की जांच के लिए सदर तहसीलदार न्यायिक को जांच अधिकारी नामित किया गया था। जांच अधिकारी ने कुल आठ आरोपों की बारीकी से जांच की। इसी साल अप्रैल में दोषी लेखपाल ने बकायदा अपना स्पष्टीकरण भी जांच अधिकारी को उपलब्ध कराया। एसडीएम गंभीर सिंह ने जांच आख्या व लेखपाल के स्पष्टीकरण का परीक्षण किया, जिसमें दोषी पाए जाने के बाद बर्खास्त कर दिया है।