TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

जिला जज ने डीएम संग किया राजकीय बालिका गृह का निरीक्षण

निराश्रित बालिकाओं से पूछताछ कर लिया व्यवस्था का जायजा, मिला ‘आॅल इज वेल’

बलिया : जिला जज प्रमोद कुमार पंचम व जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने सोमवार को निधरिया स्थित राजकीय बालिका गृह का औचक निरीक्षण किया। अधिकारी द्वय ने वहां निराश्रित बालिकाओं से पूछताछ कर व्यवस्था का सत्यापन किया। पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पूनम कर्नवाल ने करीब आधे घंटे तक बालिकाओं से बातचीत कर व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। कुल मिलाकर निरीक्षण से सभी अधिकारी संतुष्ट मिले। साफ—सफाई को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिला जज प्रमोद कुमार ने अधीक्षिका को निर्देशित करते हुए कहा कि निराश्रित बालिकाओं की सेवा करना ड्यूटी के साथ पुनीत कार्य भी है। इसलिए बच्चियों को घर जैसा माहौल दिया जाए। इनके खाने—पीने से लेकर स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रहे। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को अंदर नहीं आने दिया जाए। मिलान रजिस्टर पूरी तरह मेंटेन रखें।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षिका राजलक्ष्मी ने कुछ छोटी—मोटी समस्याएं बताई। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि समस्याओं की एक सूची बनाकर लिखित रूप से दें। हर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा। सुबह के अलावा शाम को भी सफाई कराने के निर्देश दिए। मेडिकल चेकअप में आ रही दिक्कत पर जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही डॉक्टरों की एक टीम बनाकर राजकीय बालिका गृह पर ही नियमित चेकअप की व्यवस्था कराई जा रही है। बताया गया कि बालिका गृह में कुल 60 बच्चियां है। इनमें आठ मानसिक बीमारी से पीड़ित, दो दिव्यांग, 5 कोर्ट केस से सम्बन्धित तथा 45 सीडब्ल्यूसी व अन्य बालिकाएं है। निरीक्षण के दौरान एसपी श्रीपर्णा गांगुली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पूनम कर्नवाल, सीजेएम मु.आजाद समेत अन्य स्टॉफ मौजूद थे।