TPA
#1 Group of Newspaper & News Portal

अखिलेश यादव ने बड़ा मंगल का प्रसाद ग्रहण किया

जेठ माह का अंतिम बड़ा मंगल राजधानी में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। राजधानी लखनऊ में सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूती देते हुए सभी धर्मो के लोगों ने हनुमान जी की पूजा अर्चना के साथ जगह-जगह भंडारा का आयोजन किया। लोगों ने पूड़ी- सब्जी, बूंदी, इमरती, छोला-चावल, कढ़ी-चावल और शर्बत का भोग लगाने के उपरांत प्रसाद वितरण किया। यह क्रम सुबह से रात तक चलता रहा।
आज समाजवादी पार्टी कार्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने बड़ा मंगल का प्रसाद ग्रहण किया। इनमें मुख्य थे नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद श्री अहमद हसन, पूर्व सांसद श्री उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय सचिव श्री राजेन्द्र चैधरी, पूर्व सांसद श्री कुंवर देवेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री सर्वश्री बलराम यादव, फरीद महफूज किदवई तथा मनोज पाण्डेय, एमएलसी एसआरएस यादव, पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे तथा मनोज गुप्ता।
पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने यह निर्देश दिया कि भंडारा में प्लास्टिक व फाइबर की प्लेटो का इस्तेमाल न कर उनकी जगह लकड़ी की प्लेटो तथा पत्तल दोनों का इस्तेमाल हो। तदनुसार आज सभी ने प्रसाद ग्रहण करते हुए प्लास्टिक की प्लेटो आदि का इस्तेमाल नहीं किया।
इससे पूर्व विक्रमादित्य मार्ग स्थित हनुमान मंदिर में श्री राजेन्द्र चैधरी, श्री एसआरएस यादव तथा श्री गजेन्द्र सिंह ने पूजा अर्चना की।