द पॉलिटिक्स अगेन
कांग्रेस के बागियों की सदस्यता खत्म करेंगे हरीश रावत, दरवाजे पर नोटिस किए चस्पा
उत्तराखंड के राज्यपाल द्वारा हरीश रावत को 28 मार्च तक सदन में बहुमत करने के निर्देश दिए जाने के बाद हरीश रावत खेमा सक्रिय हो गया है। रावत खेमे ने आज इसी के चलते बगावत का झंडा बुलंद करने वाले 9 विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से नोटिस थमा दिए हैं। ये नोटिस विधानसभा में कांग्रेस की मुख्य सचेतक इंदिरा हृदेश की ओर से सदन में इन विधायकों की तरफ से किये गए आचरण की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से किये जाने के बाद जारी किए गए हैं।
देर रात देहरादून के रेसकॉर्स स्थित एमएलए हॉस्टल स्थित विधायकों के आवास व यमुना कालोनी स्थित हरक सिंह रावत के आवास के बाहर दरवाजों पर ये नोटिस भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में चस्पा कर दिए गए। ऐसा ही नोटिस पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के आवास के बाहर चस्पा किया गया है। नोटिस में विधानसभा में हुए हंगामे का उल्लेख करते हुए इन विधायकों की विधान सभा सदस्यता खत्म किए जाने की बात कही गई है।