द पॉलिटिक्स अगेन
कश्मीर में ज्यादातर लैंडलाइन फोन बहाल

जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य में जरूरी वस्तुओं और दवाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 10 से 15 दिनों के अंदर लोगों का मत बदलता दिखेगा। इस बीच कश्मीर में स्थिति बेहतर होते देख प्रशासन ने अधिकतर स्थानों पर लैंडलाइन टेलिफोन सेवाएं बहाल कर दी हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति बेहतर होते देख संचार सेवाओं में ढील दी गई है।
गवर्नर सत्यपाल मलिक ने कहा, ‘कश्मीर में जरूरी चीजों और दवाओं की कोई किल्लत नहीं है। हकीकत यह है कि हमने बकरीद के दौरान लोगों के घरों तक मांस, सब्जी और अंडे पहुंचाए। 10 से 15 दिनों में हमारे बारे में आपका नजरिया बदल जाएगा। हम चाहते हैं कि इंसानी जान को किसी तरह का नुकसान न हो। 10 दिन टेलिफोन नहीं होंगे, नहीं होंगे लेकिन हम बहुत जल्द सब वापस कर देंगे।’
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर सहित कई जगह शनिवार शाम लैंडलाइन टेलिफोन सेवाएं बहाल कर दी गईं। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों को छोड़कर लैंडलाइन सेवाएं पूरी तरह बहाल करने का काम जारी है। लाल चौक और प्रेस एन्क्लेव में सेवाएं अब भी निलंबित हैं। राज्य के प्रधान सचिव एवं सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने शनिवार को कहा कि अन्य आठ एक्सचेंज, जिसके अंतर्गत 5,300 लैंडलाइन सेवाएं आती हैं, सप्ताह के आखिर तक बहाल किए जाएंगे।